
संग्रामपुर/अमेठी। अमेठी के सांसद किशोरीलाल शर्मा ने विकास खंड संग्रामपुर क्षेत्र के मिसरौली बाजार के पास आयोजित मिसरौली प्रीमियर लीग (एमपीएल) सीजन-2 क्रिकेट प्रतियोगिता का फीता काटकर भव्य शुभारंभ किया। टूर्नामेंट की शुरुआत रोमांचक मुकाबलों के साथ हुई, जिसमें क्षेत्र के युवाओं का उत्साह देखने लायक रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता गायत्री प्रसाद उपाध्याय ने की, जबकि आयोजन की जिम्मेदारी नितिन उपाध्याय ने संभाली।
प्रतियोगिता के पहले दिन कुल तीन मुकाबले खेले गए। उद्घाटन मैच डीपीएल ग्रुप धोएं और लोहियानगर क्रिकेट क्लब के बीच हुआ, जिसमें डीपीएल ग्रुप ने 78 रनों से शानदार जीत दर्ज की। इस मैच में शिवम ने 61 रनों की दमदार पारी खेली, वहीं नीरज शुक्ला ने 31 रन बनाने के साथ 3 विकेट लेकर शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया।
दूसरे मुकाबले में मोनी-11 ने लोहियानगर क्रिकेट क्लब को 45 रनों से हराया। वहीं तीसरे मैच में डीपीएल ग्रुप धोए ने मां कालिका इंटरप्राइजेज के खिलाफ 8 ओवर में 84 रनों का लक्ष्य खड़ा किया, जिसके जवाब में विपक्षी टीम 52 रन पर ऑलआउट हो गई।
आयोजक नितिन उपाध्याय ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करना है। उन्होंने जानकारी दी कि अगले दिन कुल 5 मुकाबले खेले जाएंगे।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में प्रभाकर उपाध्याय (रोनू), अभिनव उपाध्याय, अनुपम मिश्रा, दीपक दूबे, अजीत सिंह, अभिषेक तिवारी (चंचल), डी के यादव, महेश यादव और डिंपू सिंह सहित अन्य सहयोगियों की अहम भूमिका रही।
एमपीएल सीजन-2 के मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक पहुंच रहे हैं, जिससे क्षेत्र में खेल के प्रति उत्साह चरम पर है।