
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के वजीरगंज थाना क्षेत्र स्थित बलरामपुर अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वहां खड़ी एक एंबुलेंस से अचानक सांप निकलता दिखाई दिया। एंबुलेंस से सांप को बाहर आते देख आसपास मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि बलरामपुर अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर एंबुलेंस खड़ी थी। इसी दौरान अचानक उसमें से सांप बाहर निकल आया। सांप को देखते ही आसपास मौजूद लोग सतर्क हो गए और मौके पर भीड़ जमा हो गई।
अस्पताल में तैनात एक गार्ड ने डंडे की मदद से सांप को एंबुलेंस से दूर किया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली। गनीमत रही कि सांप के कारण किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना सामने नहीं आई।
इमरजेंसी गेट के पास एंबुलेंस से सांप निकलने की घटना कुछ देर तक चर्चा का विषय बनी रही। घटना के दौरान अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों, तीमारदारों और कर्मचारियों में भी हलचल रही।