
कटरा-बिल्हौर नेशनल हाईवे पर नाऊपुरवा गांव के पास शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें कार, ट्रक और डंपर की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में ट्रक चालक विकास (35) पुत्र जयप्रकाश निवासी ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड और उनका 10 वर्षीय पुत्र यश गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए हरदोई जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इसके अलावा जीतू तिवारी पुत्र नन्हे तिवारी को मामूली चोटें आईं, जिन्हें मौके पर ही प्राथमिक उपचार देकर छुट्टी दे दी गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात को सुचारू कराया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया ओवरटेकिंग हादसे का कारण प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और फरार डंपर चालक की तलाश जारी है।