बनकटा रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध हालात में युवती का शव मिलने से सनसनी

भाटपार रानी, देवरिया। बनकटा रेलवे स्टेशन के समीप शनिवार सुबह करीब 4 बजे एक युवती का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतका के सिर, हाथ और पैरों पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं, वहीं शरीर के कुछ अंग कटे हुए भी बताए जा रहे हैं। शव की शिनाख्त सपना कुमारी (17) पुत्री कृष्णा कुमार राजभर, निवासी ग्राम अहिरौली बघेल उत्तर पट्टी, गजहरवा, थाना बनकटा के रूप में हुई है।
पुलिस द्वारा सूचना दिए जाने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की। परिजनों के अनुसार परिवार के सभी लोग रात में खाना खाकर सो गए थे और किसी को पता नहीं चला कि सपना कब घर से बाहर चली गई। शनिवार सुबह करीब 4 बजे बनकटा थाने से फोन आने पर घटना की जानकारी हुई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। इस संबंध में थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मौर्य ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा और उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।