भाटपार रानी, देवरिया। भाटपार रानी थाना क्षेत्र में एक महिला पर ₹20 के गन्ने के गुड़ की खरीदारी के बाद ₹500 की वसूली करने का आरोप लगने से व्यापारी वर्ग में आक्रोश फैल गया है। मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चर्चा का विषय बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार वांसी गांव निवासी कालिंदी देवी का एक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। नगर के व्यापारियों का आरोप है कि महिला ने शुक्रवार को एक दुकान से गन्ने का गुड़ खरीदा और उसकी गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए दुकानदार से विवाद करने लगी। इसके बाद महिला ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज करा दी।
शिकायत पर संज्ञान लेते हुए फूड इंस्पेक्टर विनय कुमार मद्धेशिया की दुकान पर पहुंचे और गुड़ का सैंपल लेकर जांच के लिए सुरक्षित कर लिया। इस कार्रवाई से व्यापारियों में नाराजगी देखी जा रही है।
व्यापारियों का कहना है कि अब तक इस तरह की गुणवत्ता जांच की कोई शिकायत सामने नहीं आई थी और यह आरोप निराधार हैं। उनका आरोप है कि महिला ने ₹20 का गुड़ खरीदकर ब्याज सहित जबरन ₹500 की वसूली की है, जो कि व्यापारी को फंसाने का प्रयास है।
नगर व्यापारी जितेंद्र गुप्ता उर्फ जीतू ने बताया कि गन्ने का गुड़ ग्रामीण लघु उद्योग और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किया जाता है, जिसे व्यापारी साप्ताहिक खरीदकर बाजार में बेचते हैं। उन्होंने कहा कि उत्पाद की गुणवत्ता पर उठाए गए सवाल बेबुनियाद हैं।
हालांकि, वायरल फोटो और नाम की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।