कासगंज में एसपी ओम प्रकाश सिंह का औचक निरीक्षण, थानों की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

कासगंज जनपद में पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एसपी ओम प्रकाश सिंह ने सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के थाना सुन्नगढ़ी एवं थाना सिकन्दरपुर वैश्य का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सबसे पहले आगंतुक रजिस्टर और थानों पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्र का अवलोकन किया।
इसके बाद एसपी ने ग्राम चौकीदारों, बीट पुलिस अधिकारियों और हल्का प्रभारियों से वार्ता कर क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने चिन्हित अपराधियों एवं हिस्ट्रीशीटरों के सत्यापन कर उन पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा जनता से प्राप्त शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने पर जोर दिया।


निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय में मालखाना रजिस्टर, अपराध रजिस्टर, एचएस रजिस्टर और आईजीआरएस रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों की जांच की गई। एसपी ने सभी अभिलेखों को अद्यावधिक रखने और उनके समुचित रख-रखाव के निर्देश दिए।
इसके साथ ही थाना परिसर, बैरक, बंदीगृह और भोजनालय का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए गए। थाना परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता भी परखी गई और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी सहावर सुश्री शाहिदा नसरीन, क्षेत्राधिकारी पटियाली श्री संदीप वर्मा, थानाध्यक्ष सुन्नगढ़ी, थानाध्यक्ष सिकन्दरपुर वैश्य सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।