
Lucknow के निशातगंज इलाके में शनिवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां सचिवालय से रिटायर्ड 69 वर्षीय महिला की हत्या कर दी गई। महिला का शव उनके घर के एक कमरे में संदिग्ध हालत में मिला, जिसमें उनके हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए थे।
मृतका की पहचान निर्मला देवी के रूप में हुई है, जो घटना के समय घर में अकेली थीं। उनके पति की दो वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी थी और वह अपने बेटे, बहू और पोती के साथ रहती थीं। बताया जा रहा है कि बेटा प्राइवेट नौकरी करता है, जबकि बहू ब्यूटी पार्लर संचालित करती हैं।
घटना का खुलासा तब हुआ जब बहू घर पहुंची और महिला का शव देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच के दौरान घर में लगे सीसीटीवी कैमरे 2 से 4 बजे के बीच बंद पाए गए। इससे पहले की फुटेज में किराएदार को घर के अंदर-बाहर आते-जाते देखा गया है, जिसके आधार पर पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।