लखनऊ में सास की हत्या का खुलासा, अवैध संबंध में रोड़ा बनी बुजुर्ग को बहू ने प्रेमी संग उतारा मौत के घाट

Lucknow के निशातगंज इलाके में सचिवालय से रिटायर्ड 69 वर्षीय निर्मला देवी की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि अवैध संबंधों में बाधा बनने पर बहू ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर सास की गला दबाकर हत्या कर दी।
घटना शनिवार को गली नंबर-3 की है, जहां निर्मला देवी अपने बेटे-बहू और पोते-पोती के साथ ग्राउंड फ्लोर पर रहती थीं, जबकि ऊपर किराएदार रहते थे। दोपहर करीब चार बजे पोते ने घर के अंदर दादी को हाथ-पैर बंधे और बेहोशी की हालत में पड़ा देखा। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई और पुलिस मौके पर पहुंची, जहां महिला को मृत घोषित कर दिया गया।
जांच के दौरान पुलिस को घर में लगा सीसीटीवी कैमरा दोपहर 2 से 4 बजे के बीच बंद मिला। आसपास के कैमरों की जांच में किराएदार राजन शर्मा घर से निकलते हुए दिखाई दिया। संदेह के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लिया।
मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद से जांच आगे बढ़ी। डॉग सीधे राजन के पास जाकर रुक गया, जिसके बाद सख्ती से पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी राजन का मृतका की बहू रंजना से अवैध संबंध था, जिसका परिवार विरोध करता था। बुजुर्ग निर्मला देवी अक्सर दोनों को मिलने से रोकती थीं। इसी से नाराज होकर बहू और उसके प्रेमी ने मिलकर हत्या की साजिश रची और घटना को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि वारदात के बाद आरोपी राजन मौके के आसपास ही मौजूद रहकर पुलिस की गतिविधियों पर नजर रख रहा था और खुद को निर्दोष दिखाने की कोशिश कर रहा था। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।