प्रयागराज में कोल्ड स्टोरेज ढहा, 20 मजदूर मलबे में दबे; रेस्क्यू जारी

प्रयागराज में तेज धमाके के बाद एक कोल्ड स्टोरेज की इमारत भरभराकर गिर गई, जिससे करीब 20 मजदूर मलबे में दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान अब तक 17 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि मलबे में अभी भी कई मजदूरों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन द्वारा राहत कार्य तेजी से जारी है।
सूत्रों के मुताबिक हादसे में 4 मजदूरों की मौत की खबर सामने आई है, हालांकि प्रशासन ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मृतकों में पिलत चौधरी, मशींदर, ज्योतिष और जगदीश के नाम बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार मृतकों में तीन मजदूर बिहार के और एक प्रयागराज का निवासी बताया जा रहा है।
मलबा हटाने के लिए 7 जेसीबी मशीनें लगाई गई हैं और तेजी से काम चल रहा है। मौके पर SDRF और NDRF की टीमें तैनात हैं, जो लगातार राहत और बचाव अभियान में जुटी हुई हैं।
प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है।