
लखनऊ, डॉ. दरबारी लाल अस्थाना ट्रस्ट की ओर से उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ स्वतंत्रता सेनानी डॉ. दरबारी लाल अस्थाना की पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को गोमती नगर, विवेक खंड-दो स्थित टी.डी. गर्ल्स इंटर कॉलेज में भव्य स्मृति समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय भावना से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुति “जय हो” ने सभी का मन मोह लिया। इसका निर्देशन वरिष्ठ नृत्य निर्देशिका रत्ना अस्थाना ने किया।

इस अवसर पर प्राइवेट विद्यालय, महाविद्यालय प्रबंधक, शिक्षक एवं अभिभावक एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक महादेव प्रसाद यादव एवं टी.डी. गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या लक्ष्मी सिंह को डॉ. दरबारी लाल अस्थाना स्मृति सम्मान से सम्मानित किया गया। उन्हें स्मृति चिन्ह, पुष्पमाला एवं अंगवस्त्र भेंट कर अलंकृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन सुभाष वाजपेई ने किया।

कार्यक्रम में डॉ. अस्थाना के पुत्र एवं वरिष्ठ रंगकर्मी पुनीत अस्थाना ने बताया कि डॉ. दरबारी लाल अस्थाना का जन्म 24 जुलाई 1905 को आगरा में हुआ था और उनका निधन 3 मार्च 1985 को हुआ। स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान के लिए तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 15 अगस्त 1972 को उन्हें ताम्रपत्र देकर सम्मानित किया था।
समारोह की शुरुआत सरस्वती पूजन एवं गणेश वंदना “एक दंताए” से हुई, जिसमें एंजल मौर्या, वीरा मौर्या, अग्रिमा चौरसिया, रक्षा शर्मा और आर्या मौर्या ने भावपूर्ण प्रस्तुति दी। इसके बाद “जय हो” की मुख्य प्रस्तुति ने कार्यक्रम को ऊंचाइयों तक पहुंचाया। “आरंभ है प्रचंड” और “देश मेरे” जैसी प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम में छात्रा शिवांगी ने “सेव अर्थ” का संदेश दिया, जबकि प्रीति यादव ने शहीद भगत सिंह पर प्रेरक कविता सुनाकर सभी को भावुक कर दिया। समापन पर “तेरी मिट्टी” गीत पर प्रस्तुत नृत्य ने वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
इस मौके पर महादेव प्रसाद यादव ने बच्चों को मोबाइल की लत से दूर रहने और देश के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया। अंत में सभी प्रतिभागी छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।
समारोह में कृष्णानंद ने राष्ट्रभक्ति और पर्यावरण संरक्षण पर कविताएं सुनाईं, जबकि शुभ्रा अस्थाना ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर आनंद, नमन, पावनी, रोली, सुधा, लक्ष्मी सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।