‘यूपी ने ही बीजेपी को दिल्ली का रास्ता दिखाया, पहले इनका सफाया होगा” — अखिलेश यादव का हमला

लखनऊ:अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश ने ही बीजेपी को दिल्ली तक पहुंचाया था और अब यहीं से उसके सफाये की शुरुआत होगी। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी सम्राट अशोक के मार्ग पर चलते हुए काम करेगी और लखनऊ में उनकी प्रतिमा स्थापित कराई जाएगी।
उन्होंने महिला आरक्षण के मुद्दे पर कहा कि समाजवादी पार्टी पहले से ही इसके पक्ष में रही है, लेकिन आरक्षण में दलित और आदिवासी महिलाओं को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। साथ ही उन्होंने बताया कि दादरी से पार्टी की रैली शुरू हो रही है, जो भले ही कमजोर क्षेत्र माना जाता रहा हो, लेकिन इस बार यहां से सबसे ज्यादा सीटें आने का दावा किया।
अखिलेश यादव ने कहा कि भारत ने वैश्विक स्तर पर एक बड़ा मौका गंवाया है और अंतरराष्ट्रीय व्यापार व मध्यस्थता में अपनी भूमिका मजबूत नहीं कर पा रहा है, जबकि दुनिया भारत को ‘विश्व गुरु’ मानती है। उन्होंने फूलन देवी की बहन को महिला महासभा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के फैसले को सही ठहराया।
उन्होंने वादा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर “महिला सम्मान समृद्धि स्त्री योजना” और महिला पेंशन योजना फिर से शुरू की जाएगी। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं को टिकट देने के मामले में बीजेपी सिर्फ प्रचार कर रही है।
अखिलेश यादव ने कहा कि जब तक बीजेपी की सरकार रहेगी, तब तक देश में आत्मनिर्भरता संभव नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी बातों में नहीं आना चाहिए। साथ ही उन्होंने कानून-व्यवस्था, अवैध खनन, जंगलों की कटाई और नदियों की गंदगी जैसे मुद्दों को उठाया।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं और अब सिलेंडर तक चोरी होने लगे हैं। गोरखपुर के संदर्भ में उन्होंने कहा कि वहां टैलेंट और टेक्नोलॉजी की बात तो हो रही है, लेकिन जमीनी हकीकत अलग है।
अखिलेश यादव ने 2017 से पहले के माफिया राज का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय के बड़े माफियाओं को संरक्षण मिला था। उन्होंने रक्षा मंत्री पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि वह लखनऊ को बेहतर बनाना चाहते हैं, लेकिन उनकी बातों पर अमल नहीं होता।
उन्होंने आज़म खान और उनके परिवार के साथ भेदभाव का आरोप लगाया और कहा कि उनकी पार्टी की विधायिका को गुमराह करके ले जाया गया, लेकिन शिकायत दर्ज नहीं की गई। उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी उनके पाल समाज से आने वाले प्रदेश अध्यक्ष से घबराई हुई है।