रामनवमी पर पडरौना में शायरी माता की भव्य शोभायात्रा, भक्तिमय हुआ नगर

पडरौना, कुशीनगर। राम नवमी के पावन अवसर पर नगर में शायरी माता की भव्य शोभायात्रा और डोल गाजे-बाजे के साथ निकाला गया। हर वर्ष की परंपरा के अनुसार इस बार भी मुख्य गण्डक नहर के किनारे स्थित लखराव माई शायरी स्थान से माता की सवारी पूरे नगर में निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुए।
शोभायात्रा के दौरान हाथी, घोड़े और बैंड-बाजों के साथ माता की पालकी सवारी निकाली गई। पूरे रास्ते “जय मां शेरावाली” के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा। माताओं-बहनों ने श्रद्धा के साथ माता के डोल का पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
यह भव्य शोभायात्रा रामकोला रोड, सुभाष चौक, मुख्य मार्ग और तिलक चौक होते हुए साहबगंज पहुंची, जहां मंदिर परिसर में इसका समापन हुआ। यहां भव्य मेले का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
शोभायात्रा के दौरान अखाड़ा कलाकारों ने हैरतअंगेज करतब दिखाकर लोगों को रोमांचित किया। वहीं जगह-जगह स्थानीय लोगों द्वारा जलपान की व्यवस्था की गई, जिससे श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिली।
कार्यक्रम में अध्यक्ष विनय उपाध्याय, हरीशचंद्र उपाध्याय, विपिन उपाध्याय, नेबुलाल गुप्ता, राम कृपाल यादव, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मनीष जायसवाल, भाजपा नेता रितिक सिंह गौतम, नीतिन उपाध्याय, अखिलानंद उपाध्याय, ब्यास यादव, नीरज, गुड्डू पटेल, ब्रजभूषण उपाध्याय, अमित वर्मा, सदाशिव मणि त्रिपाठी, राजपाल गुप्ता, त्रिभुवन पांडेय और ध्रुव नारायण उपाध्याय सहित हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
पूरे आयोजन के दौरान नगर का माहौल पूरी तरह भक्तिमय रहा और श्रद्धालु भक्ति, उत्साह और उल्लास के साथ माता के जयकारे लगाते नजर आए।