कोसीकलां में वाटर कूलर बने शोपीस, राहगीर प्यास बुझाने को भटकने को मजबूर

कोसीकलां। शहर में बढ़ती गर्मी के बीच आमजन और राहगीरों को पीने के पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नगर पालिका द्वारा करीब पांच वर्ष पूर्व शहर के विभिन्न स्थानों पर लगाए गए वाटर कूलर आज पूरी तरह शोपीस बनकर रह गए हैं। अधिकांश वाटर कूलर या तो खराब पड़े हैं या उनकी मोटर फुंक चुकी है, जिससे लोगों को शीतल जल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।
भीषण गर्मी में जब राहगीर और स्थानीय लोग ठंडे पानी की तलाश में इन वाटर कूलरों के पास पहुंचते हैं, तो उन्हें निराशा ही हाथ लगती है। नगर पालिका की अनदेखी और रखरखाव के अभाव के चलते ये सुविधाएं पूरी तरह बेकार हो चुकी हैं। हालत यह है कि शहर में एक भी स्थान पर न तो सरकारी हैंडपंप सुचारू रूप से कार्य कर रहा है और न ही कोई सार्वजनिक प्याऊ की व्यवस्था दिखाई देती है।
नगर में सब्जी मंडी, बठैनगेट, नंदगांव रोड अंबेडकर पार्क के सामने, बाईपास चौराहा और पशु पैंठ के पास वाटर कूलर लगाए गए थे, लेकिन अब इनमें से कोई भी सही हालत में नहीं है। कहीं तकनीकी खराबी है तो कहीं नल की टोटी ही गायब हो चुकी है। कई स्थानों से तो वाटर कूलर पूरी तरह गायब हो चुके हैं।
शहर में आने वाले ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को भी पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। गर्मी के इस मौसम में जहां लोगों को राहत की सबसे ज्यादा जरूरत होती है, वहीं नगर पालिका की लापरवाही के कारण मूलभूत सुविधा भी उपलब्ध नहीं हो पा रही है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द इन वाटर कूलरों की मरम्मत कराकर उन्हें चालू कराया जाए, ताकि राहगीरों और नगरवासियों को राहत मिल सके।