लखनऊ पुलिस को मिली बड़ी सफलता: गैंगस्टर-एक्ट का वांछित गिरफ्तार, कई लूट की वारदातों में था शामिल

लखनऊ। राजधानी के थाना बाजारखाला पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जो अपने साथियों के साथ मिलकर लखनऊ क्षेत्र में कई लूट की घटनाओं को अंजाम दे चुका था। पुलिस के मुताबिक, अभियुक्त मो इमरान पुत्र मुशीर उर्फ चांद बाबू (23 वर्ष) निवासी वजीरबाग शाही बड़ी मस्जिद, थाना सआदतगंज, काफी समय से फरार चल रहा था। 11 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर थाना बाजारखाला पुलिस टीम ने उसे गुलजार नगर से ऐशबाग जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार कर लिया।

गैंग बनाकर करता था लूट और चोरी

पुलिस जांच में सामने आया है कि अभियुक्त अपने साथियों के साथ मिलकर गैंग बनाकर लूट और चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ पहले से कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। उसके खिलाफ दुबग्गा, ठाकुरगंज, सआदतगंज और तालकटोरा थानों में विभिन्न मामलों में कार्रवाई हो चुकी है।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

पुलिस ने अभियुक्त को हिरासत में लेकर न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना बाजारखाला के प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश सिंह, हेड कांस्टेबल अवधेश कुमार यादव और कांस्टेबल संतोष यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।