महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए केंद्र सरकार कटिबद्ध: रामदास आठवले

लखनऊ। रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय सामाजिक न्याय व अधिकारिता मंत्री रामदास आठवले ने कहा कि केंद्र सरकार महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। वे लखनऊ में आयोजित महिला सम्मेलन एवं चुनाव प्रबंधन कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार की विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने महिलाओं से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की, ताकि उनका जीवन स्तर बेहतर हो सके।यह कार्यक्रम कैसरबाग स्थित गांधी प्रेक्षागृह में आयोजित किया गया, जहां महिला कार्यकर्ता सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। इसी क्रम में पीडब्ल्यूडी स्थित विश्वेश्वरैया हॉल में पदाधिकारी सम्मेलन एवं चुनाव प्रबंधन कार्यशाला का भी आयोजन हुआ।पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संजय सिन्हा ने कहा कि आरपीआई का हर कार्यकर्ता सरकारी योजनाओं को अंतिम पंक्ति तक पहुंचाने के लिए कार्य करेगा। उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण को पार्टी की प्राथमिकता बताया।प्रदेश अध्यक्ष पवन भाई गुप्ता ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संविधान और मतदान के अधिकार के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर संगठन को मजबूत करने का संकल्प भी दोहराया।इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष महेंद्र प्रजापति, महानगर अध्यक्ष आर.के. गौतम, मीडिया प्रभारी डॉ. एस.पी. सिंह, प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मंगलेश शुक्ला, प्रदेश महामंत्री श्यामधर दूबे और प्रदेश उपाध्यक्ष संदीप दूबे सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।महिला प्रकोष्ठ की ओर से प्रदेश उपाध्यक्ष रूचि शुक्ला, सरोज पांडे, रीना राजपूत और टुकुल विश्वास सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता शामिल रहीं। सम्मेलन के माध्यम से पार्टी ने आगामी चुनावों के लिए अपनी संगठनात्मक तैयारी और सक्रियता का संदेश दिया।