लखनऊ पुलिस की बड़ी सफलता: CEIR पोर्टल के जरिए ट्रेसिंग अभियान तेज, 54 खोए मोबाइल बरामद

लखनऊ। पुलिस कमिश्नर अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देश पर जनता के खोए हुए मोबाइल फोन बरामद करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उल्लेखनीय सफलता हासिल हुई है। CEIR पोर्टल पर दर्ज मोबाइल गुमशुदगी के मामलों को प्राथमिकता देते हुए पुलिस टीमों को इनकी बरामदगी के निर्देश दिए गए थे, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।

साइबर सेल की कार्रवाई, कई राज्यों से ट्रेस हुए मोबाइल

1 मई 2026 को पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) अमित कुमार आनन्द के कुशल पर्यवेक्षण और अपर पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) रल्लापल्ली बसंथ कुमार के निर्देशन में जोन-दक्षिणी की साइबर सेल टीम ने सक्रिय कार्रवाई करते हुए विभिन्न व्यक्तियों के खोए मोबाइल फोन CEIR पोर्टल के माध्यम से ट्रेस किए। जांच के दौरान इन मोबाइल फोन की लोकेशन अलग-अलग जनपदों और राज्यों में पाई गई।

साइबर सेल ने दक्षिणी जोन के सभी थानों की टीमों के साथ समन्वय स्थापित कर इन मोबाइलों को सफलतापूर्वक बरामद किया। इसके बाद मोबाइलों के वास्तविक स्वामियों को बुलाकर उन्हें उनके उपकरण सौंपे गए।

करीब 12 लाख रुपये के मोबाइल बरामद

बरामद किए गए मोबाइल फोन की कुल संख्या 54 है, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 12 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस उपायुक्त (दक्षिणी) द्वारा स्वयं इन मोबाइलों को उनके असली मालिकों को सौंपा गया।

मोबाइल मिलने पर झलकी खुशी, पुलिस की सराहना

वहीं अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों ने खुशी जाहिर की और लखनऊ पुलिस तथा साइबर सेल टीम के प्रयासों की सराहना की। यह अभियान आम जनता में विश्वास बढ़ाने और साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।