
लखनऊ। लखनऊ में स्थित इकाना स्टेडियम में 7 मई 2026 को होने वाले आईपीएल मैच के मद्देनज़र शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दोपहर 3 बजे से लेकर मैच समाप्ति तक कई प्रमुख मार्गों पर सामान्य यातायात, भारी वाहनों और बसों की आवाजाही प्रतिबंधित या डायवर्ट रहेगी। ट्रैफिक प्लान के अनुसार कमता शहीद पथ, सुल्तानपुर रोड, रायबरेली रोड, कानपुर रोड और अहिमामऊ चौराहे के आसपास के इलाकों में यातायात पर विशेष नियंत्रण रहेगा।
कमता तिराहे से शहीद पथ होते हुए आगे जाने वाले वाहन अब वैकल्पिक मार्गों जैसे इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, समतामूलक चौराहा, करियप्पा चौराहा और किसान पथ के जरिए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। इसी तरह कानपुर रोड तिराहे से शहीद पथ पर चलने वाले वाहनों को भी बाराबिरवा, बंगलाबाजार और 1090 चौराहे जैसे रास्तों से होकर गुजरना होगा। सुल्तानपुर रोड, गोसाईगंज और उतरेठिया क्षेत्र से आने वाले भारी वाहनों के लिए भी अलग रूट तय किए गए हैं, ताकि स्टेडियम के आसपास जाम की स्थिति न बने।
अहिमामऊ और शहीद पथ क्षेत्र रहेगा सबसे अधिक प्रभावित
अहिमामऊ चौराहा और शहीद पथ के आसपास सबसे ज्यादा ट्रैफिक दबाव रहने की संभावना जताई गई है। यहां कई प्रकार के यू-टर्न और सीधी आवाजाही पर रोक लगाई गई है। साथ ही, हुसड़िया अंडरपास और लालबत्ती चौराहे से भी कई दिशाओं में वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। सुल्तानपुर रोड से आने वाले वाहनों को अमूल तिराहे से ही डायवर्ट कर लूलू मॉल कटिंग के रास्ते भेजा जाएगा, जबकि पुलिस मुख्यालय की ओर जाने वाले यातायात के लिए भी वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं।
आम लोगों से अपील: शहीद पथ से बचें, वैकल्पिक मार्ग अपनाएं
प्रशासन की ओर से बताया जा रहा है कि दोपहर 2 बजे से रात 9 बजे के बीच शहीद पथ पर अत्यधिक ट्रैफिक दबाव रहेगा। ऐसे में कानपुर, एक्सप्रेस-वे, अमौसी या अन्य क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन चालक शहीद पथ का उपयोग करने से बचें और अन्य वैकल्पिक मार्ग अपनाएं। स्टेडियम की पार्किंग में जाने वाले बड़े वाहनों को अहिमामऊ चौराहे से होकर गुजरना होगा। वहीं, दर्शकों को सलाह दी गई है कि वे शहीद पथ के बजाय अर्जुनगंज या कैंट मार्ग का उपयोग करें, जिससे ट्रैफिक जाम से बचा जा सके। मैच खत्म होने तक जारी रहेगा डायवर्जन यह भी स्पष्ट किया गया है कि 7 मई की रात भारी वाहनों पर लगने वाला नो-एंट्री समय सामान्य 11 बजे के बजाय मैच समाप्ति और यातायात सामान्य होने तक लागू रहेगा।
आपातकालीन सेवाओं को रहेगी छूट
ट्रैफिक प्रतिबंधों के बावजूद एम्बुलेंस, स्कूल वाहन, फायर सर्विस और शव वाहन जैसी आवश्यक सेवाओं को जरूरत पड़ने पर प्रतिबंधित मार्गों से भी गुजरने की अनुमति दी जाएगी। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस या स्थानीय पुलिस से संपर्क किया जा सकता है। किसी भी असुविधा या जानकारी के लिए ट्रैफिक कंट्रोल नंबर 9454405155 जारी किया गया है, जिस पर आमजन संपर्क कर सकते हैं।