
Varanasi में गंगा नदी में सेल्फी और वीडियो बनाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। ग्रेटर नोएडा निवासी हर्षवर्धन ठाकुर गंगा में डूब गए। वह भाजपा समर्थित भारतीय श्रमिक कामगार कर्मचारी महासंघ के प्रदेश मंत्री बताए जा रहे हैं।जानकारी के मुताबिक हर्षवर्धन ठाकुर अपने पांच दोस्तों के साथ काशी घूमने आए थे। बुधवार देर रात वह गंगा नदी में चल रहे एक क्रूज से दूसरे क्रूज पर जाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह गंगा नदी में गिर पड़े।रात का अंधेरा और गंगा का तेज बहाव राहत एवं बचाव कार्य में बड़ी बाधा बना रहा, जिसके चलते देर रात तक उनका पता नहीं चल सका। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।गुरुवार सुबह एनडीआरएफ ने दोबारा अभियान चलाया। करीब सात घंटे की मशक्कत के बाद हर्षवर्धन ठाकुर का शव नदी से बाहर निकाला गया। घटना के बाद परिवार और साथियों में शोक का माहौल है।