लखनऊ पुलिस लाइन में तैनात आरक्षी का वीडियो वायरल, IPS अधिकारियों पर भ्रष्टाचार और उगाही के आरोप

कांस्टेबल सुनील कुमार शुक्ला


लखनऊ। राजधानी लखनऊ की रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात एक आरक्षी द्वारा जारी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कांस्टेबल सुनील कुमार शुक्ला ने पुलिस विभाग के कुछ अधिकारियों पर गंभीर भ्रष्टाचार और अवैध उगाही के आरोप लगाए हैं।
आरक्षी सुनील कुमार शुक्ला ने वीडियो में दावा किया कि लखनऊ कमिश्नरेट रिजर्व पुलिस लाइन में ड्यूटी लगाने के नाम पर बड़े स्तर पर वसूली की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सिपाहियों और दीवानों से ड्यूटी लगवाने के लिए प्रति माह दो हजार रुपये तक लिए जाते हैं। यह रकम गार्ड कमांडर के माध्यम से गणना प्रभारी तक पहुंचती है और वहां से हिस्सा काटकर आरआई तथा फिर उच्च अधिकारियों तक भेजा जाता है।

सहायक पुलिस आयुक्त, लाइन्स की ओर से भी बयान जारी किया गया है, जिसमें निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया


वीडियो में आरक्षी ने कहा कि “काले अंग्रेज” पुलिस विभाग चला रहे हैं और विभाग में न्याय की उम्मीद नहीं बची है। उन्होंने मुख्यमंत्री से पूरे पुलिस परिवार की ओर से न्याय की गुहार लगाने की बात भी कही।
सुनील कुमार शुक्ला ने दावा किया कि कमिश्नरेट के एक डाटा में 110 से 120 गार्ड हैं, जिनमें प्रतिदिन 500 से 550 ड्यूटी लगती हैं। आरोप है कि करीब 400 कर्मचारियों से वसूली कर हर महीने लगभग आठ लाख रुपये तक की उगाही की जा रही है।
वहीं मामले के तूल पकड़ने के बाद लखनऊ पुलिस प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस लाइन्स में नियुक्त आरक्षी द्वारा लगाए गए आरोपों के संबंध में कमेटी गठित कर जांच कराई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस संबंध में सहायक पुलिस आयुक्त, लाइन्स की ओर से भी बयान जारी किया गया है, जिसमें निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया गया है।