आवासीय पट्टों पर निर्माण कार्य रोकने और मारपीट का आरोप, थाने में दी तहरीर


फतेहपुर सीकरी। कस्बा क्षेत्र के सीकरी चार हिस्सा निवासी पट्टाधारकों ने कुछ लोगों पर आवासीय पट्टों पर निर्माण कार्य रुकवाने, गाली-गलौज करने और महिलाओं के साथ मारपीट का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए थाना पुलिस को तहरीर दी है।
पीड़ित हनीफ पुत्र कामिल समेत अन्य लोगों ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वर्ष 2016 में ग्राम पंचायत की भूमि गाटा संख्या 2/2 फीट पर करीब 100 वर्ग मीटर के आवासीय पट्टे लगभग 12 लोगों को आवंटित किए गए थे। सोमवार को सभी पट्टाधारक अपने-अपने प्लॉटों की साफ-सफाई और रास्ता बनाने का कार्य करा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोग महिलाओं के साथ मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य रुकवा दिया।
पीड़ितों का आरोप है कि विरोध करने पर गाली-गलौज की गई और पत्थरबाजी भी की गई। महिलाओं को आगे कर मारपीट का प्रयास किया गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जान बचाने के लिए पट्टाधारकों को वहां से भागना पड़ा।
पीड़ित पक्ष ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।