हाईवे पर राहगीर को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने मारी टक्कर, गंभीर घायल


फतेहपुर सीकरी। जयपुर नेशनल हाईवे मोड़ बाईपास पर मंगलवार रात सड़क पार कर रहे एक राहगीर को तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। हादसे में राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 9:30 बजे कल्लू बघेल पुत्र सुल्ली निवासी अरहेरा हाईवे पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को प्राथमिक उपचार देते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने घायल का प्राथमिक उपचार करने के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें रेफर कर दिया।
हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।