
लखनऊ। सेंट्रल बार एसोसिएशन लखनऊ के पदाधिकारियों के नेतृत्व में बुधवार को अधिवक्ताओं की पंचायत (आम सभा) आयोजित की गई। बैठक में 17 मई 2026 की घटना के विरोध में अधिवक्ता हितों एवं सम्मान की रक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
सभा में विस्तृत चर्चा के बाद निर्णय लिया गया कि 25 मई 2026 तक राजधानी के सभी अधिवक्ता सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। इसके साथ ही अधिवक्ताओं पर हुए कथित लाठीचार्ज मामले में दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कराने का निर्णय लिया गया।
बैठक में वजीरगंज थाने में अधिवक्ताओं के खिलाफ दर्ज कथित झूठे मुकदमों को वापस लेने की मांग भी शासन और प्रशासन से की गई। अधिवक्ताओं ने कहा कि उनके सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
सभा में यह भी तय किया गया कि आगामी आंदोलन और रणनीति की रूपरेखा प्रदेशभर के अधिवक्ताओं के साथ लखनऊ में होने वाली बैठक के बाद तय की जाएगी। अधिवक्ताओं ने सेंट्रल बार एसोसिएशन लखनऊ के नेतृत्व में एकजुट होकर निर्णयों का पालन करने का संकल्प लिया।