
मैनपुरी। कुरावली तहसील में आयोजित समाधान दिवस के दौरान सरकारी आम रास्ते पर अवैध कब्जा कर समरसेबल पंप लगाने का मामला सामने आया है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए अपर जिलाधिकारी (एडीएम) राजेश चंद्रा ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
क्या है पूरा मामला
थाना कुरावली क्षेत्र के मोहल्ला सुजरई निवासी रामदास पुत्र लटूरी सिंह ने शनिवार को समाधान दिवस में एडीएम राजेश चंद्रा को शिकायती पत्र सौंपा। शिकायत में आरोप लगाया गया कि मोहल्ले के ही राजू दिवाकर पुत्र सियाराम ने दबंगई के बल पर गांव के सरकारी आम रास्ते के बीचों-बीच बोरिंग कराकर अवैध रूप से समरसेबल पंप स्थापित कर लिया है।
रास्ता बाधित, निजी बोरिंग भी हुई प्रभावित
पीड़ित रामदास का कहना है कि रास्ते के बीच लगाए गए समरसेबल से आम लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। साथ ही इस अवैध बोरिंग के कारण उनके घर के अंदर स्थित निजी समरसेबल की बोरिंग भी क्षतिग्रस्त हो गई है। उन्होंने प्रशासन से जनहित में रास्ते से अवैध समरसेबल हटवाने की मांग की है।
एडीएम ने दिए जांच के निर्देश
मामले की सुनवाई करते हुए एडीएम राजेश चंद्रा ने थाना कुरावली पुलिस और संबंधित राजस्व टीम को मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि या आम रास्ते पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।