दो घरों में चोरी से हड़कंप, लाखों के जेवर और नकदी पार


फतेहपुर सीकरी। थाना क्षेत्र के गांव गोठरा में शुक्रवार रात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। शनिवार सुबह घटना की जानकारी होने पर गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार गांव गोठरा निवासी परमानंद पुत्र लक्ष्मीनारायण के घर में चोर पीछे की दीवार में नकब लगाकर दाखिल हुए। चोरों ने कमरे में रखे संदूक का ताला तोड़कर उसमें रखी सोने की पांच अंगूठियां, झुमकी, मंगलसूत्र, पेंडल, चैन तथा चांदी की करधनी और तीन पाजेब चोरी कर लीं।
इसके बाद चोरों ने गांव निवासी बलबीर पुत्र उम्मेद के घर को भी निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि चोर छत के रास्ते घर में घुसे और वहां से नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गए।
शनिवार सुबह जब परिवार के लोग जागे तो घर का सामान बिखरा पड़ा मिला। चोरी की घटना का पता चलते ही परिजनों के होश उड़ गए। ग्रामीणों ने आसपास तलाश की तो खेतों में खाली डिब्बे और जेवरात के खाली बॉक्स पड़े मिले।
घटना की सूचना फैलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। पीड़ित परिवारों ने थाना पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा किया जाएगा।