
फतेहपुर सीकरी। भीषण गर्मी के बीच ऐतिहासिक स्मारक परिसर में भ्रमण करने पहुंचे देसी एवं विदेशी पर्यटकों को शनिवार को भारतीय पुरातत्व विभाग की ओर से ग्लूकोज युक्त पानी वितरित किया गया। विभाग की इस पहल का उद्देश्य गर्मी से राहत पहुंचाना और पर्यटकों को स्वस्थ रखना रहा।
कार्यक्रम का संचालन भारतीय पुरातत्व विभाग के संरक्षण सहायक दिलीप सिंह के निर्देशन में किया गया। विभागीय कर्मचारियों और गाइडों ने स्मारक परिसर में घूम रहे पर्यटकों को ग्लूकोज पानी वितरित किया।
इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद देसी और विदेशी पर्यटकों ने विभाग की इस व्यवस्था की सराहना करते हुए कर्मचारियों का आभार जताया। पर्यटकों का कहना था कि भीषण गर्मी के बीच इस तरह की सुविधा से उन्हें काफी राहत मिली।
कार्यक्रम में अरविंद सिंह, सिक्योरिटी कमांडर मुकेश यादव, गाइड स्माइल खान, अफसर कुरैशी, इमरान कुरैशी, गाइड कल्लान, अलीम चौधरी, मोहम्मद शरीफ और गाइड बॉबी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने भारतीय पुरातत्व विभाग की इस जनसेवा पहल को सराहनीय बताते हुए विभाग की प्रशंसा की।