
फतेहपुर सीकरी। अटल आवासीय विद्यालय कौरई के महिला एवं पुरुष कर्मियों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार नारेबाजी के साथ करीब चार घंटे तक धरना प्रदर्शन किया। कर्मियों का आरोप है कि सेवा प्रदाता फर्म सेंटोरिया सेफ सिक्योरिटी द्वारा पिछले दो माह से वेतन का भुगतान नहीं किया गया है, जबकि पिछले तीन वर्षों से बोनस भी नहीं दिया गया।
धरने पर बैठे कर्मियों ने बताया कि वे कई दिनों से जिलाधिकारी से मुलाकात का प्रयास कर रहे थे, लेकिन सुनवाई न होने के कारण मजबूर होकर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करना पड़ा। बाद में कर्मियों ने एडीएम प्रशासन आजाद भगत सिंह को ज्ञापन सौंपा।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एडीएम प्रशासन ने सहायक श्रमायुक्त आगरा से फोन पर वार्ता कर विद्यालय कर्मियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए।
कर्मियों का कहना था कि विद्यालय में कार्यरत 26 महिला और पुरुष कर्मचारियों से प्रतिदिन 9 से 12 घंटे तक कार्य लिया जाता है, लेकिन ओवरटाइम का कोई भुगतान नहीं किया जाता। इसके अलावा राजकीय एवं राष्ट्रीय अवकाशों पर भी ड्यूटी कराई जाती है, मगर अतिरिक्त पारिश्रमिक नहीं दिया जाता।
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि फर्म की ओर से ईएसआई कार्ड उपलब्ध नहीं कराए गए हैं, जिससे दुर्घटना या बीमारी की स्थिति में उन्हें मुफ्त इलाज जैसी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
धरना प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे किसान मजदूर नेता चौधरी दिलीप सिंह ने कहा कि विद्यालय कर्मियों का शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो विद्यालय में तालाबंदी कर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन में बाबूलाल प्रधान, पवन चाहर, बाबूलाल बाल्मीकि, भगवान सिंह बघेल, लवकेश कुमार, अजय कुमार, करण, देवेंद्र, संदीप, सौरभ, अनिल सहित महिला कर्मी भूरी देवी, सपना, बेबी, अनामिका शर्मा, धनवती, माया मीना, राधा, रजनी, रुपन, रचना, रेनू, ममता, कॉमेश देवी और सूरजमुखी आदि मौजूद रहीं।