
लखनऊ। इस्कॉन मंदिर के अध्यक्ष अपरिमेय श्याम प्रभुजी ने जानकारी देते हुए बताया कि 27 मई बुधवार को पद्मिनी एकादशी का पावन व्रत रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को सदैव द्वादशी प्रधान एकादशी का व्रत करना चाहिए, अर्थात ऐसी एकादशी जिसमें दशमी तिथि का लेश मात्र भी मिश्रण न हो। उनके अनुसार द्वादशी प्रधान एकादशी कृष्ण भावनामृत को बढ़ाने वाली तथा विशेष पुण्य और आध्यात्मिक फल प्रदान करने वाली मानी जाती है।
उन्होंने सभी भक्तों से एकादशी के दिन अन्न ग्रहण न करने की अपील करते हुए कहा कि व्रत के नियमों का पालन श्रद्धा और विधि-विधान के साथ करना चाहिए।
सुबह 6 बजे होगी श्रीमद भागवतम कक्षा
मंदिर अध्यक्ष अपरिमेय श्याम प्रभुजी ने बताया कि प्रत्येक एकादशी के अवसर पर इस्कॉन मंदिर में भक्तों के लिए सुबह 6 बजे श्रीमद भागवतम की विशेष कक्षा आयोजित की जाती है। इस कक्षा का सीधा प्रसारण ज़ूम के माध्यम से भी किया जाएगा, जिससे दूर-दराज़ के श्रद्धालु भी जुड़ सकें।
भक्तगण एकादशी के अवसर पर मंदिर में उपस्थित होकर अथवा ऑनलाइन माध्यम से श्रीमद भागवतम कक्षा में सहभागिता कर सकते हैं।
ज़ूम विवरण
ज़ूम आईडी: 81097984237
पासवर्ड: 2021
28 मई को होगा व्रत पारण
इस्कॉन मंदिर के अध्यक्ष अपरिमेय श्याम प्रभुजी ने बताया कि एकादशी व्रत रखने के साथ-साथ अगले दिन निर्धारित समय पर व्रत का पारण करना भी अत्यंत आवश्यक और महत्वपूर्ण होता है।
पद्मिनी एकादशी व्रत का पारण 28 मई 2026, गुरुवार को प्रातः 05:13 बजे से 07:59 बजे तक किया जाएगा।