
लखनऊ। मई के महीने में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के थपेड़ों ने देश के कई राज्यों में लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, राजस्थान और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। हालात इतने खराब हैं कि दोपहर होते ही सड़कें सूनी नजर आने लगती हैं और लोग घरों में कैद होने को मजबूर हो जाते हैं। उत्तर प्रदेश के बांदा में इस बार गर्मी ने पुराने रिकॉर्ड भी तोड़ दिए हैं। दिन के साथ-साथ अब रातें भी गर्म रहने लगी हैं, जिससे लोगों की नींद तक प्रभावित हो रही है।
मौसम विभाग की दो राहत भरी खबरें
भीषण गर्मी के बीच भारत मौसम विभाग (IMD) ने लोगों को राहत देने वाली दो बड़ी खबरें दी हैं। पहली राहत मानसून को लेकर है। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के कई हिस्सों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। अनुमान है कि अगले 48 से 72 घंटों के भीतर मानसून दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर भारत के कुछ और इलाकों में दस्तक दे सकता है।
दूसरी राहत पश्चिमी विक्षोभ को लेकर सामने आई है। जम्मू-कश्मीर के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर बना हुआ है, जबकि 28 मई से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। इसके प्रभाव से महीने के आखिर तक तापमान में 3 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
कई राज्यों में हीटवेव का अलर्ट जारी
हालांकि राहत की खबरों के बीच मौसम विभाग ने 25 मई के लिए कई राज्यों में भीषण गर्मी और लू की चेतावनी भी जारी की है। IMD के अनुसार उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के बड़े हिस्से फिलहाल भीषण हीटवेव की चपेट में हैं। दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में 27 मई तक गंभीर लू चलने की आशंका जताई गई है।
दूसरी ओर पूर्वोत्तर भारत में भारी से अत्यधिक भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में कई इलाकों में जलभराव और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है, जिससे स्थानीय प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है।
दिल्ली में गर्मी चरम पर, 45 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी गर्मी का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 24 से 27 मई के बीच राजधानी में हीटवेव की स्थिति बनी रहेगी। कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री की और बढ़ोतरी होने की संभावना है, जबकि रात का तापमान भी सामान्य से ऊपर बना रहेगा।
28 मई के बाद बदलेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के लोगों के लिए राहत की सबसे बड़ी खबर 28 मई के बाद सामने आ सकती है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। तेज हवाएं, हल्की बारिश और बादलों की आवाजाही के कारण तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। हालांकि इस दौरान धूलभरी हवाएं और उमस लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं।