सुपरस्टार होकर भी जमीन से जुड़े हैं अल्लू अर्जुन: कमर्शियल फ्लाइट में सफर कर जीत रहे दिल

लखनऊ/मुंबई। एक तरफ जहां फिल्मी सितारों की जिंदगी को अक्सर आलीशान लाइफस्टाइल, प्राइवेट जेट और हाई-प्रोफाइल सुविधाओं से जोड़कर देखा जाता है, वहीं साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन इन दिनों अपनी सादगी और अनुशासित जीवनशैली को लेकर चर्चा में हैं। भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े सितारों में शामिल होने के बावजूद उनका व्यवहार और सोच फैंस को लगातार प्रभावित कर रही है।

पिछले कुछ हफ्तों में एक्टर अल्लू अर्जुन को कई बार हैदराबाद और मुंबई के बीच कमर्शियल फ्लाइट्स में सफर करते देखा गया है। ‘पुष्पा 2’ जैसी ऐतिहासिक ब्लॉकबस्टर देने के बाद जहां लोग उनसे चार्टर्ड फ्लाइट्स और लग्जरी ट्रैवल की उम्मीद कर रहे थे, वहीं अभिनेता ने खुद सामान्य हवाई यात्रा को प्राथमिकता दी। सूत्रों के मुताबिक, प्रोड्यूसर्स की ओर से कई बार प्राइवेट ट्रैवल अरेंजमेंट्स ऑफर किए गए, लेकिन उन्होंने सादगीभरा विकल्प ही चुना।

सूत्रों के अनुसार, अल्लू अर्जुन यात्रा के दौरान सुविधा और फ्लाइट की उपलब्धता को ज्यादा महत्व देते हैं। कई मौकों पर उन्होंने लग्जरी इंतजामों की बजाय रेगुलर कमर्शियल सीटिंग और इकोनॉमी क्लास तक को चुना। यह फैसला उनके डाउन टू अर्थ नेचर और प्रोफेशनल सोच को दर्शाता है।

एक करीबी सूत्र ने बताया मेकर्स ने उनके व्यस्त शेड्यूल और आराम को देखते हुए कई बार चार्टर्ड फ्लाइट्स की व्यवस्था करने की पेशकश की, लेकिन अल्लू अर्जुन का साफ मानना है कि प्रोडक्शन का पैसा पर्दे पर दिखना चाहिए, ना कि पर्दे के पीछे अनावश्यक सुविधाओं पर खर्च होना चाहिए। उनका पूरा फोकस हमेशा फिल्म की क्वालिटी और सिनेमैटिक आउटपुट को बेहतर बनाने पर रहता है।

प्रोडक्शन सर्कल्स में भी हो रही चर्चा

अभिनेता अल्लू अर्जुन का यह व्यवहार अब इंडस्ट्री और प्रोडक्शन सर्कल्स में भी चर्चा का विषय बन चुका है। ऐसे समय में जब स्टार्स के लिए लग्जरी सुविधाएं आम बात बन चुकी हैं, वहां अभिनेता का बजट और संसाधनों के सही इस्तेमाल को लेकर सजग रहना लोगों को प्रभावित कर रहा है। खासतौर पर उन बड़े प्रोजेक्ट्स में, जिनसे दर्शकों की उम्मीदें काफी ज्यादा जुड़ी होती हैं।

‘पुष्पा 2’ के बाद भी खुद को लगातार कर रहे चैलेंज

सबसे दिलचस्प बात यह है कि ‘पुष्पा 2’ जैसी भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर्स में से एक देने के बाद भी अल्लू अर्जुन खुद को किसी तय दायरे में सीमित नहीं कर रहे। चाहे दमदार फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन हो, हर बार नए अंदाज में खुद को पेश करना हो या फिर आने वाले प्रोजेक्ट्स जैसे ‘राका’ में छोटी से छोटी डिटेल पर काम करना अभिनेता लगातार खुद को बेहतर बनाने की कोशिश में जुटे हुए हैं।

फैंस के बीच बढ़ रही लोकप्रियता

एक्टर अल्लू अर्जुन की यही सादगी और काम के प्रति समर्पण उन्हें बाकी सितारों से अलग बनाता है। जहां एक तरफ उनकी स्टारडम लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही है, वहीं दूसरी तरफ उनका जमीन से जुड़ा रवैया फैंस के दिलों में उनकी इज्जत और लोकप्रियता को और मजबूत कर रहा है।