पर्यूषण पर्व के समापन पर भगवान महावीर की निकली भव्य शोभायात्रा

कोसीकलां। पर्वाधिराज पर्यूषण एवं क्षमावाणी पर्व के समापन अवसर पर रविवार को नगर में भगवान महावीर की भव्य रथयात्रा निकाली गई। रथयात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए रेलवे स्टेशन के सामने स्थित जैन धर्मशाला पहुंची। मार्ग में जगह-जगह समाज के लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। भगवान महावीर के जयघोष से पूरा शहर भक्तिमय हो उठा।
समापन अवसर पर सुबह सात बजे जैन समाज के लोगों ने नित्य नियम पूजा-अर्चना की। इसके बाद कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। दोपहर 11 बजे पांडे वाले जैन मंदिर से भगवान महावीर की भव्य रथयात्रा निकाली गई। रथयात्रा के साथ आधा दर्जन से अधिक आकर्षक झांकियां भी शामिल रहीं।
शोभायात्रा सराफा बाजार, मेन बाजार, आर्य नगर, शेरगढ़ रोड तिराहा, घंटाघर और बल्देवगंज चौराहा होते हुए रेलवे स्टेशन के सामने स्थित जैन धर्मशाला पहुंची। विभिन्न स्थानों पर जैन समाज सहित सर्व समाज के लोगों ने पुष्पवर्षा कर रथयात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा के दौरान भगवान महावीर के जयघोष गूंजते रहे, जिससे वातावरण भक्तिमय बना रहा।
बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
रथयात्रा के जैन धर्मशाला पहुंचने के बाद एमडी जैन पब्लिक स्कूल के नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। बच्चों की प्रस्तुतियों को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा और तालियों से उनका उत्साह बढ़ाया।
कलाभिषेक में उमड़े श्रद्धालु
शाम पांच बजे पांडे वाले जैन मंदिर में जैन समाज के महिला-पुरुषों ने भगवान महावीर का भव्य कलाभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने धार्मिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की और पर्व के समापन पर क्षमावाणी के संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में पालिकाध्यक्ष धर्मवीर अग्रवाल, पूर्व पालिकाध्यक्ष नरेंद्र गुर्जर, कैलाश जैन चंदोरिया, सुभाष जैन, कमलेश जैन, कमल किशोर वार्ष्णेय, वेदप्रकाश गोयल, विनोद जैन, ओमप्रकाश जैन, संटू जैन, भारत जैन, तरुण सेठ, मुकेश जैन, प्रसून जैन और संजय जैन सहित सर्व समाज के सैकड़ों गणमान्य लोग मौजूद रहे।