
उन्नाव। सफाई व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई सैनिकों के सम्मान एवं उनके उत्साहवर्धन के उद्देश्य से शुक्रवार, 6 नवंबर को सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 1:30 बजे शहर स्थित पार्क व्यू पैलेस में आयोजित होगा। इस दौरान सफाई सैनिकों को सम्मानित करने के साथ ही उन्हें वर्दियों का वितरण भी किया जाएगा।
कार्यक्रम के आयोजक एवं भाजयुमो के निवर्तमान जिलाध्यक्ष प्रवीण मिश्रा भानू ने जनपद के सभी सम्मानित नागरिकों से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सफाई सैनिक शहर और समाज को स्वच्छ बनाए रखने में अहम योगदान देते हैं। उनके कार्यों का सम्मान करना और उनका उत्साह बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सफाई सैनिकों का उत्साहवर्धन करने तथा कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने का आग्रह किया है।