नेशनल पीजी कॉलेज में ‘एलीवेट 2.0’ का आयोजन: 24 कंपनियों ने लिया हिस्सा, 1 हजार से अधिक छात्र हुए शामिल

लखनऊ। नेशनल पीजी कॉलेज के प्लेसमेंट सेल द्वारा सोमवार, 26 मई 2026 को कॉलेज के ऑडिटोरियम में ‘एलीवेट 2.0’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद का मंच प्रदान करना था। सुबह 9 बजे से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हुई, जिसके बाद विद्यार्थियों को उद्घाटन सत्र के लिए ऑडिटोरियम में आमंत्रित किया गया। उद्घाटन समारोह के दौरान कैंपस प्लेसमेंट में चयनित विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम में 1000 से अधिक विद्यार्थियों ने सहभागिता की। इसके साथ ही लखनऊ सहित अन्य शहरों के 8 से 10 महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। ‘एलीवेट 2.0’ में कुल 24 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया, जिनमें आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, एनआईआईटी, जेनपैक्ट, जारो एजुकेशन, वीवो और सीएमएस जैसी नामी संस्थाएं शामिल रहीं। प्लेसमेंट ड्राइव के दौरान 25 विद्यार्थियों को 5 लाख रुपये से लेकर 10 लाख रुपये वार्षिक वेतन पैकेज तक के ऑफर लेटर प्रदान किए गए, जिससे विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

सत्र संपन्न होने के बाद इंटरव्यू प्रक्रिया हुई शुरू

कार्यक्रम में पहुंचे प्रमुख अतिथियों और कंपनी प्रतिनिधियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और उद्घाटन सत्र संपन्न होने के पश्चात इंटरव्यू प्रक्रिया प्रारंभ की गई। ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट ऑफिसर अभिन्नव द्विवेदी ने ‘एलीवेट’ के पिछले वर्ष से लेकर वर्तमान वर्ष तक के सफल सफर की जानकारी देते हुए बताया कि उद्योग जगत की बढ़ती सहभागिता विद्यार्थियों के लिए नए अवसरों के द्वार खोल रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को कॉर्पोरेट जगत की आवश्यकताओं को समझने और खुद को बेहतर तरीके से तैयार करने का अवसर देते हैं।

प्राचार्य ने की सराहना

नेशनल पीजी कॉलेज के प्राचार्य ने प्लेसमेंट सेल के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को केवल शैक्षणिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि उद्योग जगत की व्यावहारिक जरूरतों को समझने में भी मदद करते हैं। उन्होंने कहा कि कॉलेज लगातार विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए उद्योग जगत से बेहतर तालमेल स्थापित करने की दिशा में कार्य कर रहा है।

इंटरव्यू प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए विद्यार्थियों को अलग-अलग स्लॉट्स और दस-दस के समूहों में विभाजित किया गया। प्रतीक्षा व्यवस्था भी की गई थी, जहां से आयोजन टीम विद्यार्थियों को उनके निर्धारित समयानुसार इंटरव्यू के लिए भेज रही थी। फैकल्टी सदस्यों और स्वयंसेवकों के सहयोग से पूरे दिन इंटरव्यू प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से चलती रही।

‘एलीवेट 2.0’ सफलतापूर्वक संपन्न

कार्यक्रम के समापन पर कंपनी प्रतिनिधियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। डॉ. शालिनी लांबागावे ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर प्रो. डॉ. पीके सिंह, प्रो. डॉ. राम कृष्ण जायसवाल सहित महाविद्यालय के अन्य फैकल्टी सदस्य भी उपस्थित रहे।

फैकल्टी सदस्यों, स्वयंसेवकों, विद्यार्थियों और सहभागी संस्थानों के सहयोग से ‘एलीवेट 2.0’ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए रोजगार के अवसर प्राप्त करने और भर्ती प्रक्रिया को समझने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ।