आगरा। भाजपा किसान नेता मोहन सिंह चाहर के प्रयासों से लंबे समय से उपेक्षित पड़े गड़ीमा वेस्टर्न डिप्रेशन ड्रेन (डब्ल्यूडी ड्रेन) नाले की सफाई और खुदाई का रास्ता साफ हो गया है। लोअर खंड आगरा नहर विभाग ने इस कार्य को वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना में शामिल कर लिया है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार बजट आवंटित होते ही नाले की सफाई और सिल्ट हटाने का कार्य शुरू कराया जाएगा।
करीब दो दशक से नाले की सफाई नहीं होने के कारण क्षेत्र के किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। नाले में जलकुंभी और भारी मात्रा में सिल्ट जमा होने से जल निकासी बाधित हो गई थी। इसके चलते आसपास की सैकड़ों बीघा कृषि भूमि में जलभराव बना रहता था, जिससे खेत दलदल में तब्दील हो रहे थे और खेती प्रभावित हो रही थी।
किसानों की लगातार शिकायतों के बाद भाजपा किसान नेता मोहन सिंह चाहर ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने पूर्व प्रधान गड़ीमा सुखवीर सिंह और अन्य किसानों के साथ 15 अप्रैल को आयोजित किसान दिवस में अधिकारियों के सामने नाले की सफाई की मांग रखी थी। किसान नेता का कहना था कि नाले की दुर्दशा के कारण किसानों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
मोहन सिंह चाहर ने बताया कि डब्ल्यूडी ड्रेन नाले की करीब 20 वर्षों से सफाई और खुदाई नहीं हुई है। जलभराव के कारण खेतों की उपजाऊ क्षमता प्रभावित हो रही थी और कई किसानों की भूमि बंजर होती जा रही थी। उन्होंने कहा कि लगातार प्रयासों और किसानों की मांग के बाद अब विभाग ने इसे अपनी कार्ययोजना में शामिल कर लिया है, जिससे किसानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
क्षेत्रीय किसानों का कहना है कि बरसात के समय हालात और ज्यादा खराब हो जाते हैं। खेतों में पानी भरने से फसलें खराब हो जाती हैं और समय पर बुवाई भी नहीं हो पाती। ऐसे में नाले की सफाई लंबे समय से किसानों की प्रमुख मांग बनी हुई थी। किसानों ने उम्मीद जताई है कि कार्य शुरू होने के बाद जलभराव की समस्या दूर होगी और खेती दोबारा सुचारु रूप से हो सकेगी।
लोअर खंड आगरा नहर विभाग के अधिकारियों के मुताबिक कार्ययोजना में प्रस्ताव शामिल कर लिया गया है और धनराशि स्वीकृत होते ही सफाई अभियान शुरू कराया जाएगा। नाले से सिल्ट और जलकुंभी हटाने के साथ जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा।
किसान नेता मोहन सिंह चाहर ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीर है और क्षेत्र के किसानों के हित में आगे भी प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि नाले की सफाई होने के बाद सैकड़ों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और कृषि उत्पादन में भी बढ़ोतरी होगी।