
खेरागढ़। देर रात आई तेज आंधी और बारिश ने खेरागढ़ वितरण खंड में भारी नुकसान पहुंचाया। आंधी के चलते करीब 45 विद्युत पोल टूट गए और कई स्थानों पर बिजली की तारें क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे करीब एक दर्जन गांवों की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। गुरुवार और शुक्रवार की रात कई गांव अंधेरे में डूबे रहे। हालांकि बारिश से लोगों को नौतपा की भीषण गर्मी से काफी राहत मिली।

अधिशासी अभियंता राम सेवक राम ने बताया कि वितरण खंड के अंतर्गत आने वाले 11 विद्युत उपकेंद्र क्षेत्रों में आंधी और बारिश के कारण बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। लगभग 45 बिजली पोल टूट गए हैं, जबकि कई जगहों पर तार भी टूट गए। विभाग को प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब 40 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

उन्होंने बताया कि कागारौल, तांतपुर और जगनेर क्षेत्रों में सबसे अधिक पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके अलावा सैंया, तेहरा तथा अन्य इलाकों में भी कई स्थानों पर विद्युत तार टूटने से आपूर्ति प्रभावित हुई। बिजली व्यवस्था बाधित होने से ग्रामीणों को रात अंधेरे में बितानी पड़ी और पेयजल सहित अन्य दैनिक कार्यों में भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
अधिशासी अभियंता के अनुसार शुक्रवार सुबह से ही संबंधित उपखंड अधिकारियों (एसडीओ) और जूनियर इंजीनियरों (जेई) की टीमों को मरम्मत कार्य में लगा दिया गया। युद्धस्तर पर चल रहे कार्य के चलते अधिकांश प्रभावित गांवों की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। शेष क्षेत्रों में भी तेजी से काम जारी है और जल्द ही सभी गांवों की विद्युत आपूर्ति सुचारू कर दी जाएगी।