आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, कंटेनर में घुसी कार; 3 की मौत, 5 घायल

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, कंटेनर में घुसी कार; 3 की मौत, 5 घायल
आगरा, 1 जून। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चालक को झपकी आने से कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से जा घुसी।
यह हादसा रात करीब 1:45 बजे एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 36.950 पर हुआ। आगरा से लखनऊ की ओर जा रही टैक्सी कार (किआ कैरेंस) आगे चल रहे कंटेनर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का कंडक्टर साइड का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर कंटेनर में फंस गया।
कार में कुल आठ लोग सवार थे, जो बिहार से राजस्थान के चुरू जा रहे थे। हादसे में शंकर कुमार, सुनील कुमार और प्रीति की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चालक मोहम्मद सोएब, परमिता कुमारी, राजीव कुमार, पूजा कुमारी और अयान्श (8 वर्ष) घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस, पीआरवी, एंबुलेंस, यूपीडा और राहत-बचाव टीम मौके पर पहुंची। हाइड्रा मशीन की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा की मोर्चरी भेजा गया, जबकि घायलों को सीएचसी फतेहाबाद में भर्ती कराया गया।
हादसे के बाद कंटेनर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कंटेनर को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करा दिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस ने मृतका प्रीति के आभूषण एवं अन्य सामान को कब्जे में लेकर सुरक्षित रख लिया है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ, हालांकि अब एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहा है।