
लखनऊ: फर्जी बैनामा मामले में 5 साल से फरार आरोपी गिरफ्तार
लखनऊ। वजीरगंज पुलिस को फर्जी बैनामा प्रकरण में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पांच वर्षों से फरार चल रहे वांछित आरोपी हरीश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बाराबंकी जिले के रामसनेहीघाट क्षेत्र का निवासी बताया गया है।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2021 में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमीन का बैनामा कराने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया था कि असली मालिक की जगह फर्जी विक्रेता को खड़ा कर रजिस्ट्री कराई गई थी। इस मामले में हरीश कुमार पर फर्जी बैनामे में गवाह बनने और साजिश में शामिल होने का आरोप है।
लंबे समय से फरार रहने के कारण आरोपी के खिलाफ गैर जमानती वारंट (NBW) जारी किया गया था, साथ ही धारा 82 के तहत भी कार्रवाई की गई थी।
वजीरगंज पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बाराबंकी के गढ़ीमऊ गांव में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने पैसों के लालच में इस पूरे प्रकरण में शामिल होने की बात स्वीकार की है।
पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है और मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका खंगाली जा रही है।