
मुख्यमंत्री योगी ने सीएमएस के 10 नेशनल टॉपर्स को किया सम्मानित, मेधावियों को मिले नकद पुरस्कार व टैबलेट
लखनऊ, 1 जून। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लोकभवन ऑडिटोरियम में आयोजित विशेष सम्मान समारोह में सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (सीएमएस) के आईसीएसई और आईएससी बोर्ड के 10 नेशनल टॉपर छात्रों को सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रदेश के विभिन्न बोर्डों के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने मेधावी छात्रों को एक-एक लाख रुपये का नकद पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र तथा टैबलेट प्रदान कर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।
सम्मानित होने वाले छात्रों में आईसीएसई (कक्षा 10) के नेशनल टॉपर वैवस्वत नारायण दुबे (99.80 प्रतिशत), द्वितीय नेशनल टॉपर जहरा फातिमा और अनय अग्रवाल (99.60 प्रतिशत) तथा तृतीय नेशनल टॉपर अफशान अहमद, दिव्यांश कुशवाहा और फरहीन खान (99.40 प्रतिशत) शामिल रहे। वहीं आईएससी (कक्षा 12) बोर्ड परीक्षा की द्वितीय नेशनल टॉपर ओशीन अग्रवाल, संस्कृति चंदेल, जैनब फातिमा और छवि मिश्रा (99.75 प्रतिशत) को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सीएमएस की संस्थापिका-निदेशिका डा. भारती गांधी ने सभी छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
गौरतलब है कि इस वर्ष आईसीएसई और आईएससी बोर्ड परीक्षाओं में सीएमएस के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है। विद्यालय के 3,709 छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए, जबकि 62 छात्रों ने 99 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर नया कीर्तिमान स्थापित किया। इन 62 छात्रों को सीएमएस की ओर से कुल 28 लाख रुपये के नगद पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।