बड़ी बगीची में रामकथा का आयोजन, तीसरे दिन हुआ भगवान श्रीराम जन्मोत्सव का वर्णन


फतेहपुर सीकरी। कस्बे की बड़ी बगीची में आयोजित श्रीराम कथा के तीसरे दिन रविवार को कथा वाचक पंडित राजेश भारद्वाज ने भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा सुनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
कथा के दौरान पंडित राजेश भारद्वाज ने बताया कि अयोध्या के महाराज दशरथ ने पुत्र प्राप्ति की कामना से पुत्रेष्टि यज्ञ कराया था। यज्ञ के फलस्वरूप माता कौशल्या की कोख से भगवान श्रीराम का अवतरण हुआ। भगवान श्रीराम के जन्म प्रसंग का वर्णन सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए और जय श्रीराम के उद्घोष से कथा पंडाल गूंज उठा।
कथा के दौरान भजन-कीर्तन का भी आयोजन हुआ, जिससे पूरा परिसर भक्तिरस में सराबोर हो गया। श्रद्धालुओं ने कथा का रसपान कर धर्म और संस्कृति के संदेश को आत्मसात किया।
इस अवसर पर डॉ. संजय, अमित सिंघानिया, जितेंद्र शर्मा, आकाश मित्तल, गौरव गोयल, हिमांशु मित्तल, हरिशंकर गर्ग सहित समाज के गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में भक्तगण उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने बताया कि श्रीराम कथा का आयोजन प्रतिदिन सायंकाल निर्धारित समय पर किया जा रहा है।