गोंडा में दर्दनाक सड़क हादसा: घायलों की मदद कर रहे लोगों को तेज रफ्तार एसयूवी ने रौंदा, 5 की मौत

प्रदीप तिवारी

गोंडा। गोंडा जिले में बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। सड़क दुर्घटना में घायल युवक की मदद कर रहे लोगों को एक तेज रफ्तार एसयूवी ने कुचल दिया। इस भीषण हादसे में दो सगे भाइयों और चाचा-भतीजे समेत पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक डंपर की टक्कर से घायल हुए युवक को सड़क किनारे से उठाकर एंबुलेंस तक पहुंचाने के लिए कुछ लोग सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आ रही एक एक्सयूवी ने सभी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि कई लोग हवा में उछलकर 10 से 12 फीट दूर जा गिरे। कई लोगों के सिर फट गए, हड्डियां टूट गईं और दो लोग कई मीटर तक सड़क पर घिसटते चले गए।

ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर की पिटाई, पुलिस के हवाले किया

हादसे की आवाज और लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने एसयूवी चालक और उसमें सवार अन्य लोगों को पकड़ लिया तथा उनकी जमकर पिटाई कर दी। बाद में सभी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

पुलिस ने घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परसपुर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को गोंडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। एक गंभीर रूप से घायल बच्चे को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ भेजा गया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने एसयूवी में सवार लोगों को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि वाहन लखनऊ का है।

मृतकों में दो सगे भाई और चाचा-भतीजा शामिल

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान गुलशन (25), संजय तिवारी (33), हसन मोहम्मद (40), इम्तियाज अली (27) और अंशुमान (10) के रूप में हुई है। हसन मोहम्मद और इम्तियाज अली सगे भाई थे, जबकि गुलशन और अंशुमान चाचा-भतीजे थे।