दिल्ली के खराब मौसम का असर: 8 उड़ानें लखनऊ डायवर्ट, आंधी-बारिश से कई फ्लाइटें हुईं लेट

लखनऊ। राजधानी दिल्ली में शुक्रवार देर रात अचानक मौसम खराब होने से हवाई सेवाएं प्रभावित हो गईं। खराब दृश्यता, तेज हवाओं और प्रतिकूल मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान संचालन बाधित रहा। स्थिति को देखते हुए विभिन्न शहरों से दिल्ली आ रही 8 उड़ानों को लखनऊ एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट करना पड़ा। हालांकि मौसम सामान्य होने के बाद सभी विमानों को उनके निर्धारित गंतव्य दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया। वहीं शनिवार सुबह लखनऊ में भी आंधी और बारिश का असर हवाई सेवाओं पर देखने को मिला, जिसके चलते कई उड़ानें निर्धारित समय से देरी से संचालित हुईं।

एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली में देर रात मौसम बिगड़ने के कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) ने कई विमानों को तत्काल लैंडिंग की अनुमति नहीं दी। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमानों को वैकल्पिक हवाई अड्डों की ओर मोड़ा गया। इसी क्रम में आठ उड़ानों को लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारा गया। मौसम में सुधार होने के बाद सभी विमानों को सुरक्षित रूप से दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि यह फैसला पूरी तरह यात्रियों और विमान संचालन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया था।

डायवर्ट की गई उड़ानों में सबसे पहले एयर इंडिया की आंध्र प्रदेश से दिल्ली जा रही उड़ान एआई-2904 रात 12 बजे लखनऊ पहुंची। इस विमान में 156 यात्री सवार थे। मौसम सामान्य होने के बाद इसे रात 1:42 बजे दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया। इसके बाद अहमदाबाद से दिल्ली जा रही इंडिगो की उड़ान 6ई-932 रात 12:18 बजे लखनऊ उतरी, जिसमें 230 यात्री सवार थे। यह विमान रात 1:52 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुआ।

इसके अलावा एयर इंडिया एक्सप्रेस की पटना-दिल्ली उड़ान आईएक्स-1029 रात 12:32 बजे, एयर इंडिया की उड़ीसा-दिल्ली उड़ान एआई-1847 रात 12:59 बजे तथा इंडिगो की मंगलौर-दिल्ली उड़ान 6ई-6457 रात 1:06 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरीं। मौसम में सुधार के बाद इन सभी विमानों को भी उनके गंतव्य दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया।

इसी दौरान कजाकिस्तान से दिल्ली आ रही एयर अस्ताना की उड़ान केसी-963 रात 1:12 बजे लखनऊ पहुंची, जबकि नासिक से दिल्ली जा रही इंडिगो की उड़ान 6ई-6636 रात 1:20 बजे यहां उतरी। इसके अतिरिक्त स्पाइसजेट की पटना-दिल्ली उड़ान एसजी-2478 को भी रात 1:37 बजे लखनऊ डायवर्ट किया गया। अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली में मौसम सामान्य होने के बाद सभी उड़ानों का संचालन सुचारु रूप से बहाल कर दिया गया और यात्रियों को सुरक्षित तरीके से उनके गंतव्य तक पहुंचाया गया।

लखनऊ में भी मौसम की मार, पांच उड़ानें देरी से रवाना

शनिवार सुबह लखनऊ में आंधी और बारिश के कारण हवाई सेवाएं प्रभावित रहीं। खराब मौसम के चलते कई उड़ानें निर्धारित समय पर उड़ान नहीं भर सकीं। सुबह 7:35 बजे दुबई जाने वाली फ्लाइ दुबई की उड़ान एफजेड-444 करीब एक घंटे की देरी से सुबह 8:33 बजे रवाना हुई। वहीं सुबह 8:15 बजे रियाद जाने वाली फ्लाइनेस की उड़ान एक्सवाई-334 निर्धारित समय से करीब 50 मिनट देरी से सुबह 9:05 बजे उड़ान भर सकी।

इसके अलावा सुबह 8:35 बजे मुंबई जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान आईएक्स-1027 सुबह 9:22 बजे रवाना हुई। दिल्ली जाने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई-2146, जिसका निर्धारित समय सुबह 9:10 बजे था, वह 10 बजे उड़ान भर सकी। वहीं सुबह 9:20 बजे कोलकाता जाने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई-505 भी करीब 55 मिनट की देरी से सुबह 10:15 बजे रवाना हुई। मौसम विभाग के अनुसार, खराब मौसम के कारण दृश्यता और संचालन प्रभावित हुआ, जिससे उड़ानों के समय में बदलाव करना पड़ा।