नवनियुक्त भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद का सलेमपुर में भव्य स्वागत, कार्यकर्ता सम्मान समारोह में उमड़ा जनसैलाब

सलेमपुर (देवरिया)। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष काली प्रसाद के स्वागत एवं भाजपा कार्यकर्ता सम्मान समारोह का भव्य आयोजन सलेमपुर में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा नेता एवं प्रदेश कार्य समिति सदस्य दीपक गौतम कन्नौजिया द्वारा किया गया। समारोह में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों तथा समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने भाग लिया।

कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर जिलाध्यक्ष काली प्रसाद का फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा के साथ जोरदार स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्ण नारेबाजी करते हुए उनका अभिनंदन किया। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ तथा संगठन के समर्पित एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में काली प्रसाद ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक संगठन है और उसकी सबसे बड़ी शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने पार्टी के मूल मंत्र “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” को दोहराते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।

कार्यक्रम के आयोजक दीपक गौतम कन्नौजिया ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की सफलता उसके कार्यकर्ताओं के समर्पण और मेहनत पर आधारित होती है। उन्होंने प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने का कार्य कर रही है। साथ ही उन्होंने सलेमपुर क्षेत्र के विकास, युवाओं के रोजगार, किसानों की सुविधाओं और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

समारोह के दौरान संगठन विस्तार, आगामी राजनीतिक चुनौतियों और बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत बनाने की रणनीति पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष पुनीत यादव, अभय सिंह, अवनीश मिश्रा ‘चंचल’, अमित सिंह बबलू, सुनील स्नेही सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और उत्सव का माहौल देखने को मिला।