भाजपा के विशेष जनसंपर्क अभियान में उतरे विधायक सुरेन्द्र चौरसिया, गिनाईं मोदी-योगी सरकार की उपलब्धियां

भटनी (देवरिया)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे “सेवा, सुशासन, विकास और जनकल्याण” अभियान के तहत क्षेत्रीय विधायक सुरेन्द्र चौरसिया ने शनिवार को भटनी नगर पंचायत में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने घर-घर और दुकान-दुकान पहुंचकर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत के संकल्प को लेकर आमजन से संवाद किया।

जनसंपर्क यात्रा नगर के 116 नंबर ढाले से शुरू होकर विकास चौक, मुख्य बाजार, गांधी चौक, रामलीला मैदान समेत विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। यात्रा के दौरान विधायक ने व्यापारियों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों से मुलाकात की तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश में हुए परिवर्तनकारी कार्यों और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था, आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार के क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की जानकारी दी।

विधायक सुरेन्द्र चौरसिया ने सरकार की उपलब्धियों से संबंधित पत्रक एवं प्रचार सामग्री वितरित करते हुए नागरिकों से सुझाव भी प्राप्त किए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाना है। सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ राष्ट्र निर्माण के कार्य में निरंतर जुटी हुई है।

अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष रोहित मिश्रा, पूर्व मंडल अध्यक्ष योगेश प्रजापति, दीपक वर्मा, अजय गुप्ता, अभय तिवारी, ओम प्रकाश गुप्ता उर्फ गांधीजी, आशीष पासवान, अशोक गुप्ता उर्फ भोला, अजय तिवारी तथा मीडिया प्रभारी शेषनाथ कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

जनसंपर्क अभियान को लेकर नगर में दिनभर राजनीतिक चर्चाओं का माहौल बना रहा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।