
बाराबंकी, 14 जून 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला पंचायत सभागार में प्रेस वार्ता एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकास के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने अंत्योदय की भावना के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का कार्य किया है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, हर घर जल, स्वच्छ भारत मिशन, डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे कार्यक्रमों ने आमजन के जीवन में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन लाया है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था, आधारभूत संरचना, स्वास्थ्य, शिक्षा, निवेश, रोजगार और महिला सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। प्रदेश आज देश की विकास यात्रा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है तथा एक्सप्रेस-वे, मेडिकल कॉलेज, एयरपोर्ट और औद्योगिक निवेश की परियोजनाएं विकास के नए आयाम स्थापित कर रही हैं।
प्रेस वार्ता के दौरान उप मुख्यमंत्री ने मीडिया प्रतिनिधियों के विभिन्न प्रश्नों का उत्तर देते हुए सरकार की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं और भावी विकास कार्यक्रमों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर राज्य मंत्री (कारागार) एवं जनपद प्रभारी मंत्री सुरेश राही, राज्य मंत्री खाद्य एवं रसद सतीश चंद्र शर्मा, विधान परिषद सदस्य अंगद सिंह, हैदरगढ़ विधायक दिनेश रावत, उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष राम सिंह वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।