विभिन्न गांवों का किया दौरा, महंगाई और बेरोजगारी को लेकर सरकार पर साधा निशाना

बीमार चिकित्सक का जाना हालचाल
भाटपार रानी, देवरिया। सलेमपुर से समाजवादी पार्टी के सांसद रमाशंकर विद्यार्थी ने शनिवार को क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सपा भाटपार रानी के कोषाध्यक्ष डॉ. टी.वी. सिंह के अस्वस्थ होने की जानकारी मिलने पर घाटी बाजार स्थित उनके क्लीनिक पहुंचकर मुलाकात की तथा उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
विभिन्न गांवों का किया दौरा
क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान सांसद रमाशंकर विद्यार्थी ने एकला आम, घाटी, मोतीपुर भुआल सहित कई गांवों और कस्बों का दौरा किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और क्षेत्रीय मुद्दों की जानकारी ली। सांसद ने जनता को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
महंगाई और बेरोजगारी को लेकर सरकार पर साधा निशाना
जनता को संबोधित करते हुए सांसद रमाशंकर विद्यार्थी ने कहा कि भाजपा की कथनी और करनी में काफी अंतर है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज देश और प्रदेश की जनता बढ़ती महंगाई से परेशान है। गैस, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि होने से आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी भी गंभीर समस्या बनी हुई है, जिससे युवाओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्राम प्रहरियों के मानदेय बढ़ाने की मांग
सपा सांसद ने ग्राम प्रहरियों (चौकीदारों) की स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रहरी मात्र 1500 रुपये प्रतिमाह के मानदेय पर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। इसके बावजूद सरकार उनके मानदेय में वृद्धि नहीं कर रही है, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
सपा सरकार बनने पर समस्याओं के समाधान का दावा
रमाशंकर विद्यार्थी ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि कानून व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा तथा युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही सभी वर्गों के हितों को प्राथमिकता दी जाएगी।
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस अवसर पर महेन्द्र प्रसाद गोड़, रामबली यादव, विजय यादव, रुदल त्यागी, विकास पासवान, शिव शंकर यादव, विशुनदेव राजभर, दीनानाथ यादव, गीता कुशवाहा, गोविन्द शर्मा, रामनाथ प्रसाद, मोतीलाल यादव, बड़ेलाल यादव सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें
ABHISHEKvsKALYAN: TMC में बढ़ी तकरार: कल्याण बनर्जी के अल्टीमेटम से बंगाल की राजनीति में हलचल