
बाराबंकी। कोठी थाना क्षेत्र के पहला गांव में सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलने की सूचना पर रविवार को पुलिस ने दबिश दी। पुलिस को देखते ही जुआरियों में भगदड़ मच गई। पुलिस ने दौड़ाकर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन एक युवक पुलिस से बचने के प्रयास में भागते हुए गोमती नदी में कूद गया। देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
जानकारी के अनुसार, कोठी थाने के दरोगा विशेष कुमार कुरील और अन्य पुलिसकर्मियों की टीम ने पहला गांव में जुआ खेलने की सूचना पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अबू बकर पुत्र अब्दुल हसन निवासी सुबेहा, आशीष कुमार मिश्र पुत्र हनुमान मिश्र, मायाराम पुत्र अयोध्या, सुंदरलाल पुत्र रामानंद निवासी सराय रावत, मोहम्मद जैद पुत्र मुनीर निवासी सराय चंदेल तथा अयोध्या प्रसाद पुत्र बुद्धू निवासी पजावा को गिरफ्तार कर थाने ले गई।
इसी दौरान सूचना मिली कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों का एक साथी घनश्याम निवासी सराय रावत पुलिस के डर से भागते हुए गोमती नदी में छलांग लगा बैठा। साथियों की सूचना के बाद पुलिस के हाथ-पांव फूल गए और टीम दोबारा मौके पर पहुंची। पुलिस ने गोमती नदी के किनारे देर रात तक तलाश अभियान चलाया, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका।
घटना की पुष्टि क्षेत्रीय दरोगा ने की है। वहीं, इस संबंध में कोठी थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह से संपर्क नहीं हो सका। क्षेत्राधिकारी हैदरगढ़ समीर सिंह का मोबाइल भी स्विच ऑफ मिला। पुलिस नदी किनारे युवक की तलाश में जुटी हुई है।