
लखनऊ। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नगर निगम लखनऊ द्वारा संचालित जन चौपाल अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को जोन-5 के सरोजनीनगर प्रथम वार्ड में हनुमानपुरी मोहल्ला स्थित सरोजनीनगर ब्लॉक कैंपस में जन चौपाल का आयोजन किया गया। जन चौपाल माननीय महापौर सुषमा खर्कवाल की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई, जिसमें क्षेत्रीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता करते हुए अपनी समस्याएं एवं सुझाव रखे।
स्थानीय नागरिकों ने रखीं प्रमुख समस्याएं
जन चौपाल के दौरान क्षेत्रवासियों ने साफ-सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, डोर-टू-डोर कूड़ा उठान तथा सड़क निर्माण से संबंधित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। नागरिकों ने कहा कि क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाए जाने की आवश्यकता है, जिससे आमजन को राहत मिल सके।
महापौर ने अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
महापौर सुषमा खर्कवाल ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जन चौपाल का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करना तथा जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, पेयजल आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों का शीघ्र समाधान किया जाए तथा डोर-टू-डोर कूड़ा उठान एवं सड़क निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
जन चौपाल से मजबूत हो रहा जनता और प्रशासन का संवाद
महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि जन चौपाल अभियान नागरिकों की समस्याओं को सुनने और उनके त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहा है। नगर निगम जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है तथा जन चौपाल में प्राप्त सभी शिकायतों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।