टोल कर्मियों के व्यवहार से नाराज भाकियू (अमर टिकैत), महापंचायत और अनिश्चितकालीन धरने की चेतावनी

किरावली (आगरा)। भारतीय किसान यूनियन (अमर टिकैत) ने कोरई टोल प्लाजा पर टोल कर्मियों द्वारा कथित अभद्र व्यवहार और उत्पीड़न के विरोध में मोर्चा खोल दिया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एफ.एच. चौधरी, मंडल अध्यक्ष जितेंद्र रोहित ठाकुर और जिला अध्यक्ष चौधरी प्रदीप मुखिया के नेतृत्व में रविवार को पदाधिकारियों ने कोरई टोल प्लाजा प्रबंधक को एक लिखित ज्ञापन सौंपकर अपनी नाराजगी जताई।

ज्ञापन में संगठन ने आरोप लगाया कि टोल कर्मचारी लगातार यूनियन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं, अनावश्यक विवाद खड़ा करते हैं तथा सहयोगात्मक रवैया नहीं अपनाते। इसे लेकर संगठन में भारी आक्रोश व्याप्त है।

यूनियन नेताओं ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन (अमर टिकैत) उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड सहित देश के करीब 20 राज्यों में किसानों के अधिकारों और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। संगठन के पदाधिकारी किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार आवागमन करते हैं। इसके बावजूद वैध पहचान पत्र (आई-कार्ड) और वाहनों पर संगठन की अधिकृत पट्टी होने के बाद भी टोल कर्मियों द्वारा सम्मानजनक व्यवहार नहीं किया जाता।

ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने मांग की कि अन्य संगठनों की भांति भारतीय किसान यूनियन (अमर टिकैत) के पदाधिकारियों के वाहनों के नंबर तत्काल सूचीबद्ध कर टोल सुविधा चालू की जाए। साथ ही टोल कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए जाएं कि वे संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ शालीनता एवं सम्मानपूर्वक व्यवहार करें।

जिला अध्यक्ष चौधरी प्रदीप मुखिया और मंडल अध्यक्ष जितेंद्र रोहित ठाकुर ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि टोल प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और संगठन के वाहनों को तत्काल प्रभाव से चालू नहीं किया गया तथा कर्मचारियों के व्यवहार में सुधार नहीं आया, तो कोरई टोल प्लाजा पर एक विशाल महापंचायत आयोजित की जाएगी। इसके बाद अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी टोल प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन की होगी।