गाजियाबाद में संघ शिक्षार्थियों का भव्य पथ संचलन, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति से गूंजा महानगर

गाजियाबाद महानगर में भव्य पथ संचलन निकाला गया।


गाजियाबाद। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) मेरठ प्रांत द्वारा आयोजित 21 दिवसीय संघ शिक्षा वर्ग (सामान्य) के अंतर्गत मंगलवार को गाजियाबाद महानगर में भव्य पथ संचलन निकाला गया। नेहरू नगर क्षेत्र से निकले इस संचलन में सैकड़ों स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में कदम-से-कदम मिलाकर अनुशासन, संगठन शक्ति और राष्ट्रभक्ति का अद्भुत प्रदर्शन किया। घोष (बैंड) की मधुर ध्वनियों और स्वयंसेवकों के सुसंगठित संचलन ने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम की भावना से ओतप्रोत कर दिया।
पथ संचलन के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और बाजारों में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, महिलाएं, युवा और प्रबुद्धजन मौजूद रहे। विभिन्न सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों द्वारा जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया गया। भारत माता के जयकारों और देशभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। लोगों ने स्वयंसेवकों के अनुशासन और संगठन क्षमता की सराहना की।


संघ के पदाधिकारियों के अनुसार मेरठ प्रांत के विभिन्न जिलों से आए 530 प्रथम वर्ष शिक्षार्थी इस प्रशिक्षण वर्ग में भाग ले रहे हैं। इसके अतिरिक्त 109 शिक्षार्थी घोष वादन के विशेष प्रशिक्षण में शामिल हैं। शिविर की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए 200 से अधिक कार्यकर्ता दिन-रात सेवा कार्य में जुटे हुए हैं।


संघ पदाधिकारियों ने बताया कि यह प्रशिक्षण वर्ग केवल शारीरिक अभ्यास तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित व्यक्तित्व तैयार करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। 6 जून 2026 से प्रारंभ हुए इस वर्ग में स्वयंसेवकों को अनुशासन, समयबद्धता, सेवा भाव, सामूहिक जीवन, नेतृत्व क्षमता, चरित्र निर्माण और वैचारिक प्रखरता का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। वर्ग का उद्देश्य ऐसे स्वयंसेवकों का निर्माण करना है जो समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन कर सकें।
वर्ग के समापन अवसर पर 21 जून 2026 को शाम 5:30 बजे नेहरू नगर स्थित वीवीआईपी नेहरू स्टेडियम में भव्य प्रकट समारोह आयोजित किया जाएगा। इस सार्वजनिक कार्यक्रम में शिक्षार्थी स्वयंसेवक प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए विभिन्न शारीरिक कौशल, योग, समता, दंड संचालन और व्यूह रचना का प्रदर्शन करेंगे।
समारोह में भारतीय वायु सेना के सेवानिवृत्त एयर वाइस मार्शल विशिष्ट सेवा मेडल एवं वायु सेवा मेडल से सम्मानित अनिल तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पश्चिम उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र प्रचारक महेन्द्र जी मुख्य वक्ता के रूप में स्वयंसेवकों और नागरिकों को संबोधित करेंगे। संघ पदाधिकारियों ने अधिक से अधिक नागरिकों से समारोह में उपस्थित होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने की अपील की है।