बसंतकुंज योजना के 1822 नये आवंटियों के लिए होगा सुनहरा अवसर: आवास योजना के लाभार्थियों को 25 प्रतिशत भुगतान पर कब्जा

लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को महज 25 प्रतिशत भुगतान पर भवन का कब्जा प्रदान करेगा। इससे लोग किरायेदारी के चक्कर से मुक्त होकर अपने स्वयं के आवास में परिवार के साथ निवास कर सकेंगे। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर इसके लिए प्राधिकरण भवन में 03 दिन का विशेष कैम्प लगाया जाएगा।

एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को भवन के मूल्य की 25 प्रतिशत धनराशि जमा कराने पर भवन का भौतिक कब्जा प्रदान किये जाने के सम्बंध में प्राधिकरण बोर्ड द्वारा प्रस्ताव पारित किया गया है। अब आवंटियों को इस योजना का लाभ देने के उद्देश्य से दिनांक-30 जून से 02 जुलाई, 2026 तक प्राधिकरण भवन के कमेटी हॉल में विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें प्रधानमंत्री आवास योजना के सभी आवंटी आवेदन कर सकेंगे।

1822 आवंटियों को दिया जाएगा विकल्प

लविप्रा उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि जुलाई, 2025 एवं फरवरी, 2026 में हुयी लॉटरी में 1822 लोगों को बसंतकुंज योजना के सेक्टर-आई में प्रधानमंत्री आवास आवंटित किये गये हैं। हाल ही में इन आवंटियों को आवंटन पत्र जारी किये गये हैं। इन सभी आवंटियों को भी 25 प्रतिशत भुगतान पर भवन का भौतिक कब्जा प्राप्त करने का विकल्प दिया जाएगा।

5,428 रूपये की मासिक किश्त देनी होगी

प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को भवन की कुल धनराशि 4,79,550 रूपये देनी होती है। इसकी 25 प्रतिशत धनराशि जमा कराने पर आवंटी के साथ रजिस्टर्ड एग्रीमेंट करके भवन का भौतिक कब्जा प्रदान कर दिया जाएगा। इसमें आवंटी को जीएसटी, अनुरक्षण शुल्क, कॉर्पस फंड समेत अन्य शुल्क भी देने होंगे। जबकि, शेष धनराशि का भुगतान 07 वर्ष की 84 आसान किश्तों में करना होगा। जिसके अंतर्गत प्रतिमाह लगभग 5,428 रूपये की किश्त आएगी।