लिरिक्स एकेडमी ऑफ म्यूजिक ग्रैंड एनुअल शोकेस 2026: नन्हें बच्चों ने बिखेरा प्रतिभा का जादू, सभी को किया मंत्रमुग्ध

लखनऊ। राजधानी के राजाजीपुरम स्थित नीरा मैरिज हाउस में लिरिक्स एकेडमी ऑफ म्यूजिक, राजाजीपुरम द्वारा आयोजित “ग्रैंड एनुअल शोकेस 2026” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने संगीत, नृत्य एवं विभिन्न वाद्य यंत्रों की शानदार प्रस्तुतियां देकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। रंगारंग प्रस्तुतियों से सजे इस आयोजन में अभिभावकों और दर्शकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए जमकर तालियां बजाईं।

कार्यक्रम का आयोजन एकेडमी के डायरेक्टर राय मणिपत राय के निर्देशन में किया गया। आयोजन को सफल बनाने में कोऑर्डिनेटर एवं कोरियोग्राफर प्राची श्रीवास्तव, काउंसलर वैष्णवी चौरसिया, वोकल शिक्षक प्रशांत श्रीवास्तव, पियानो शिक्षक नवीन श्रीवास्तव, गिटार शिक्षक सुधांशु निगम, वाद्य यंत्र शिक्षक अवधेश कुमार जोशी तथा आर्ट एंड क्राफ्ट शिक्षिका आयुषी मौर्य का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों को मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तैयार करने में विशेष भूमिका निभाई।

वोकल और सोलो प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कार्यक्रम की शुरुआत वोकल ग्रुप प्रस्तुति से हुई, जिसमें आद्या, वैष्वी, विवेक, नियति, अंशु, वेदिका और कृतिका ने अपनी मधुर आवाज से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। इसके बाद अनोखी ने एकल नृत्य प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब सराहना हासिल की, जबकि अनाबिया ने पियानो सोलो के माध्यम से अपनी संगीत प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। वोकल सोलो प्रस्तुतियों में वैष्वी, विषु कुमार, वेदिका, विवेक जी, नियति और विनीत ने अपनी सुरीली आवाज से कार्यक्रम को संगीतमय बना दिया।

पियानो, गिटार और नृत्य प्रस्तुतियों ने जीता दिल

कार्यक्रम के दौरान कार्तिक और विद्धि की पियानो प्रस्तुतियों ने दर्शकों को प्रभावित किया, वहीं अवनिका और विराज की गिटार सोलो प्रस्तुतियों ने खूब वाहवाही बटोरी। समूह नृत्य प्रस्तुतियों में अजूनी, उन्नति, ईशानी, हर्षिता, सृष्टि और सृष्टि सिन्हा ने अपने शानदार नृत्य कौशल का प्रदर्शन किया। इसके अलावा निक, आर्यवर्धन, अर्नव, विराट और अक्षज के बॉयज डांस ग्रुप ने अपनी ऊर्जावान प्रस्तुति से माहौल को रोमांचक बना दिया, जबकि सान्वी, सात्विकी, प्रिशा, निहारिका और सिद्धिक्षा के गर्ल्स डांस ग्रुप ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की जमकर तालियां बटोरीं।

गिटार डुएट और एकल नृत्य रहे विशेष आकर्षण

कार्यक्रम के विशेष आकर्षणों में ईशानी एवं अवनिका की गिटार डुएट प्रस्तुति तथा सक्षम का एकल नृत्य प्रदर्शन शामिल रहा। दोनों प्रस्तुतियों को दर्शकों ने विशेष रूप से सराहा और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया। इन प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में अलग ही रंग भर दिया।

बच्चों में आत्मविश्वास और रचनात्मकता विकसित करना है उद्देश्य : राय मणिपत राय

इस अवसर पर डायरेक्टर राय मणिपत राय ने कहा कि लिरिक्स एकेडमी ऑफ म्यूजिक का उद्देश्य बच्चों को केवल संगीत और नृत्य की शिक्षा देना नहीं है, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन, रचनात्मकता और मंचीय प्रस्तुति की कला का विकास करना भी है। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी प्रतिभागियों, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

वहीं कोऑर्डिनेटर एवं कोरियोग्राफर प्राची श्रीवास्तव ने कहा कि लिरिक्स एकेडमी ऑफ म्यूजिक राजाजीपुरम ब्रांच का यह दूसरा आयोजन है। प्राची ने बताया कि संस्थान में सभी शिक्षक पूरी मेहनत और लगन के साथ बच्चों को नृत्य कला सिखाते हैं। वहीं आज के आयोजन में सभी बच्चों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर सभी को मंत्रमुग्ध किया है।

प्रतिभागियों को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान अभिभावकों और दर्शकों का उत्साह देखने योग्य रहा। उपस्थित लोगों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, मेहनत और शिक्षकों के समर्पण की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए आयोजन को यादगार बताया।